नगरा घाट से कैंजरा घाट जाते समय बंद हुआ इंजन
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, स्टीमर मध्य प्रदेश के नगरा घाट से उत्तर प्रदेश के बाह स्थित कैंजरा घाट की ओर जा रहा था. नदी के बीचों-बीच पहुँचते ही अचानक ईंधन खत्म हो गया और चालक का स्टीमर पर से पूरी तरह नियंत्रण छूट गया. चंबल नदी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज होने के कारण स्टीमर अनियंत्रित दिशा में बहने लगा.
8 किलोमीटर तक चीख-पुकार, टीले से टकराकर रुका स्टीमर
इंजन बंद होते ही स्टीमर पर सवार यात्रियों में अफरातफरी और भारी घबराहट फैल गई. अनियंत्रित स्टीमर नदी की तेज धारा में करीब 8 किलोमीटर तक बहता चला गया. इस दौरान किसी अनहोनी की आशंका से यात्री बुरी तरह डर गए. आखिरकार, मध्य प्रदेश सीमा में स्थित गुढ़ा गांव के पास नदी के बीच बने एक टीले से स्टीमर जा टकराया और वहीं अटक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, यात्रियों का लिया गया हाल-चाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बासौनी थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई. बासौनी थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि स्टीमर मध्य प्रदेश के इलाके से रवाना हुआ था और यह पूरा घटनाक्रम भी मध्य प्रदेश की सीमा के अंतर्गत ही हुआ है. पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थानीय स्तर पर राहत और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के इंतजामों का जायजा ले रही हैं.