JPSC JSSC Protest Ranchi: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन स्वतंत्रता दिवस पर भी जारी रहा. 22वें दिन हजारों अभ्यर्थी तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे और रांची में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली.
इस दौरान सदर अस्पताल में छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो को रोकने पर पुलिस और समर्थकों के बीच तनाव भी देखने को मिला.
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकली तिरंगा यात्रा
सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे. सभी के हाथों में तिरंगा और भर्ती में पारदर्शिता की मांग वाले पोस्टर थे. इसके बाद स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकाली गई.
छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और वे CBI जांच, निष्पक्ष भर्ती और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
सदर अस्पताल में पुलिस से भिड़े समर्थक
छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो इन दिनों सदर अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई थी.
प्रशासन ने पहले ही अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया. जब महतो बाहर निकलने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया.
इसके बाद उनके समर्थकों और पुलिस के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा कारणों से उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई.
आंदोलन के बीच तीन बाइक चोरी
तिरंगा यात्रा के दौरान एक और घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के आसपास अब तक तीन बाइक चोरी होने की जानकारी मिली है. ताजा मामले में मुख्य गेट के पास से नीले रंग की बाइक गायब हो गई.
पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है. संदिग्ध युवक की जानकारी मिलने पर लोगों से 9608840492 नंबर पर सूचना देने की अपील की गई है.
पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी संदिग्ध को खुद पकड़ने या मारपीट करने की कोशिश न करें.
वायरल वीडियो पर FIR दर्ज
इधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित धमकी देने वाले वायरल वीडियो का मामला भी सामने आया है. अरगोड़ा निवासी सुजीत कुमार कुजूर ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, संदर्भ और उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.