Ranchi News: रांची में गर्भवती महिलाओं को समय पर इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं देने की तैयारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने समीक्षा बैठक की. सिविल सर्जन कार्यालय में हुई बैठक में मातृ मृत्यु दर कम करने और गर्भावस्था के दौरान बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने की.
गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच पर जोर
बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण समय पर किया जाए. उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच भी सुनिश्चित हो. हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों की जल्द पहचान करने पर खास जोर दिया गया. ऐसे मामलों में जरूरी जांच और इलाज के साथ जरूरत पड़ने पर समय रहते अस्पताल रेफर करने का निर्देश दिया गया.
संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में प्रसव कराने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया. प्रसव के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया. बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और प्रसव पूर्व जांच की स्थिति की भी समीक्षा की गई.
मातृ मृत्यु के कारणों की होगी जांच
मातृ मृत्यु के मामलों की समीक्षा कर उनके कारणों का पता लगाने पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को ऐसे मामलों से जुड़ी रिपोर्ट और आंकड़े समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए. इसका उद्देश्य मातृ मृत्यु के कारणों को समझकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाना है.
गांवों तक पहुंचाई जाएंगी स्वास्थ्य सेवाएं
ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर भी बैठक में जोर दिया गया. VHSND के माध्यम से जांच, पोषण संबंधी सलाह और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाने की बात कही गई. जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को बेहतर अस्पताल तक पहुंचाने के लिए रेफरल व्यवस्था को भी मजबूत करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में क्षेत्रीय उप निदेशक डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शेषनाथ बैठा, नामकुम की MOIC डॉ. प्रभावती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सुजीत कश्यप, प्रवीण कुमार सिंह, DPC प्रीति चौधरी और DDM संजय तिवारी समेत कई चिकित्सक, अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.