Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला गांव में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेता मिथिलेश यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई. शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनका शव बरामद होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया.
मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीण पहले शव को देख अन्य लोगों को इसकी सूचना दी
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे सामने आई. जब एक स्थानीय ग्रामीण रोजाना की तरह टहलने के लिए बाहर निकला, तो उसने सड़क के बीचोंबीच एक युवक को बेसुध पड़े देखा. पास जाकर देखने और अन्य लोगों को आवाज देने पर मृतक की पहचान हेसला निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई. उनके माथे पर गोली लगने का गहरा निशान पाया गया, जिससे साफ जाहिर होता है कि उनकी हत्या की गई है.
दुकान पर सोने की बात कहकर निकले थे मिथिलेश
मृतक मिथिलेश यादव जीटी रोड के पास ही अपना एक सर्विस सेंटर संचालित करते थे. परिजनों ने बताया कि गुरुवार की देर रात वे अपनी मां से यह कहकर घर से निकले थे कि वे सर्विस सेंटर पर ही सोएंगे. हालांकि, घर से निकलने के बाद वे दुकान पहुंचे या रास्ते में ही उनके साथ कोई अनहोनी हुई, यह फिलहाल पहेली बना हुआ है.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच किया जाम, वाहनों की लगी कतारें
जैसे ही बीजेपी युवा नेता की हत्या की खबर इलाके में फैली, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उग्र लोगों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर एनएच को पूरी तरह से बाधित कर दिया. रोड जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
फॉरेंसिक टीम कर रही जांच, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) धनंजय राम पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. बगोदर प्रमुख आशा महतो और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस की तकनीकी टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं.
पुलिस का दावा है कि जल्द बेनकाब होंगे हत्यारे
पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है कि घर से निकलने के बाद मिथिलेश किन-किन लोगों के संपर्क में आए थे और उनका शव हाईवे तक कैसे पहुंचा. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.