Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-14

Ranchi Traffic Plan: स्वतंत्रता दिवस पर रांची में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों की एंट्री बंद, जानें नया रूट और पार्किंग प्लान

Ranchi: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य राजकीय समारोह को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू रखने के लिए रांची जिला प्रशासन ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है. भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के साथ वीवीआईपी और आम लोगों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. दूसरे जिलों से आने वाले भारी वाहनों को शहर की सीमा से पहले ही निर्धारित स्थानों पर रोक दिया जाएगा, ताकि समारोह के दौरान शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव न बढ़े.

अलग-अलग रास्तों पर यहां तक जा सकेंगे भारी वाहन
कांके और बोड़ेया की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बोड़ेया तक ही आने की अनुमति होगी. खूंटी और चाईबासा की ओर से आने वाले वाहनों को बिरसा चौक पर रोका जाएगा. गुमला और सिमडेगा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के लिए अरगोड़ा और आईटीआई पड़ाव तक की सीमा तय की गई है. जमशेदपुर की ओर से आने वाले वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक, नामकुम और सदाबहार चौक के पास रोकने की व्यवस्था रहेगी. कांके-पतरातू मार्ग से आने वाले भारी वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक आ सकेंगे. वहीं बूटी मोड़, कोकर और बरियातू की तरफ से आने वाले वाहनों को बूटी मोड़ और खेलगांव चौक तक ही सीमित रखा जाएगा.

ड्रॉप गेट पर सिर्फ पासधारकों को प्रवेश
सुरक्षा के लिहाज से शहर में कई स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं. ड्रॉप गेट नंबर 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 पर विशेष निगरानी रहेगी. इन गेटों से मुख्यमंत्री, वीवीआईपी, अधिकृत मीडियाकर्मी और वैध पास वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा. आम लोगों को इन रास्तों से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. उन्हें प्रशासन की ओर से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करना होगा.

वीवीआईपी के लिए अलग रूट निर्धारित
समारोह में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री, हाईकोर्ट के न्यायाधीश, सांसद और विधायकों के लिए अलग मार्ग तय किया गया है. इनके वाहनों की आवाजाही एटीआई मोड़, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डीएसपीएमयू मोड़ और राजकीय गेस्ट हाउस होते हुए वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक होगी. केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के लिए हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक होते हुए समारोह स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है.

वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन
समारोह में आने वाले वाहनों को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग पार्किंग क्षेत्र तय किए हैं. मुख्यमंत्री कारकेड और वीवीआईपी वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. अन्य निर्धारित वाहनों को मुख्य मंच के पश्चिमी हिस्से और बापू वाटिका के सामने खड़ा किया जाएगा. सरकारी अधिकारियों के वाहनों के लिए मंच के पश्चिम स्थित ऑक्सीजन पार्क के पास जगह निर्धारित की गई है. मीडियाकर्मियों के वाहन बापू वाटिका के सामने पार्क होंगे. वहीं आम लोगों के वाहनों के लिए टीआरआई के सामने स्थित मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है.

लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
समारोह के दौरान कुछ प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी. उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश गेट तक पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें. प्रशासन का कहना है कि ट्रैफिक प्लान का उद्देश्य समारोह के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के साथ आम लोगों की आवाजाही को भी सुचारू रखना है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !