Ranchi News: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर राजधानी में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच 15 अगस्त को रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां ध्वजारोहण करेंगे. समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक
सुरक्षा को देखते हुए समारोह स्थल पर आम लोगों के लिए ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी. रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने संयुक्त ब्रीफिंग में इसकी जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, केवल अधिकृत ड्रोन से ही समारोह की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकेगी. बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने की इजाजत नहीं होगी.
संदिग्ध व्यक्ति की होगी जांच
समारोह में आने वाले लोगों की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की जाएगी. सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक सामान समारोह स्थल तक न पहुंच पाए. सुरक्षा में तैनात जवानों और अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है. कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा.
ट्रैफिक रूट में भी बदलाव
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए 15 अगस्त को रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है. वाहनों के लिए निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी. ट्रैफिक पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

परेड में 14 टुकड़ियां लेंगी हिस्सा
मोरहाबादी मैदान में होने वाली परेड में अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस, झारखंड जगुआर, होमगार्ड और एनसीसी की कुल 14 टुकड़ियां शामिल होंगी. परेड में CRPF, ITBP, SSB, CISF, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, JAP-1, JAP-2, JAP-10, रांची जिला पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियां शामिल रहेंगी.
इसके अलावा झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और NCC की गर्ल्स व बॉयज टुकड़ियां भी परेड का हिस्सा होंगी. JAP-1, JAP-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां समारोह में प्रस्तुति देंगी.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे.