Bokaro News : बोकारो पुलिस ने मई से जुलाई 2026 के बीच अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इस दौरान जिले के विभिन्न थानों में कुल 1023 मामले दर्ज हुए, जबकि पुलिस ने 1663 मामलों का निष्पादन किया। पुलिस के अनुसार, यह दर्ज मामलों की संख्या का 163 प्रतिशत से अधिक है।
बेहतर समन्वय से मामलों के निष्पादन में तेजी
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बेहतर समन्वय के साथ काम किया। इसका असर लंबित मामलों के निष्पादन पर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि मामलों के त्वरित निष्पादन से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें न्याय के लिए लंबे समय तक थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अपहरण, महिला उत्पीड़न और सड़क हादसों के मामलों का भी निपटारा
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, तीन महीने में अपहरण के 119, दहेज और महिला उत्पीड़न के 129, हत्या एवं आत्महत्या के 30, ठगी और गबन के 63, पोक्सो के 20, कोयला और बालू तस्करी के 43 तथा दुष्कर्म के 18 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके अलावा नक्सल से जुड़े 15, एससी/एसटी के 45, शराब से संबंधित 12, पशु क्रूरता के 9, साइबर ठगी के 8 और अवैध हथियार के 5 मामलों का भी निपटारा किया गया।
वाहन चोरी के 111 और सड़क दुर्घटना के 156 मामलों का निष्पादन
पुलिस ने लूट और डकैती के 8, गांजा और अफीम से जुड़े 4, वाहन चोरी के 111, चोरी के 132, गृहभेदन के 81 और सड़क दुर्घटना के 156 मामलों का भी निष्पादन किया। इसके अलावा अन्य घटनाओं से संबंधित 650 मामलों का निपटारा किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामलों के त्वरित निष्पादन से लंबित मामलों की संख्या कम होने के साथ पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में मदद मिलेगी। आने वाले दिनों में भी त्वरित कार्रवाई और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।