Ramgarh: रामगढ़ के कुजू मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को हुए फर्नेस ब्लास्ट हादसे में घायल मजदूर रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई. पश्चिम न्यू कॉलोनी, कुजू कोलियरी निवासी रमेश ने बुधवार 12 अगस्त की रात अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
मौत के बाद प्लांट के बाहर शुरू हुआ विरोध
रमेश ठाकुर की मौत की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन और मुरपा के ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया. गुरुवार को ग्रामीणों और परिजनों ने प्लांट का काम बंद करा दिया और मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि मुआवजे को लेकर समाधान नहीं होने तक उनका विरोध जारी रहेगा.
9 अगस्त को फर्नेस ब्लास्ट में हुए थे घायल
श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को फर्नेस ब्लास्ट की घटना हुई थी. हादसे में रमेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कई दिनों तक उपचार चलने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार रात उनकी मौत हो गई. फिलहाल उनका शव रांची में रखा गया है.
शव रामगढ़ पहुंचने के बाद बढ़ सकता है आंदोलन
रमेश की मौत के बाद अब ग्रामीण और परिजन मुआवजे को लेकर प्लांट प्रबंधन पर दबाव बना रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, शव के रामगढ़ पहुंचने के बाद आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी. फिलहाल प्लांट के मुख्य द्वार पर ग्रामीणों और परिजनों का धरना जारी है.