Jamshedpur: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के रहने वाले पुष्प राज साइबर ठगी के शिकार हो गए. साइबर अपराधियों ने उनके एक्सिस बैंक खाते से सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3,99,891.65 रुपये निकाल लिए. घटना 27 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है.
लगातार मैसेज आने पर हुआ ठगी का पता
पुष्प राज के मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के लगातार मैसेज आने लगे. इसके बाद उन्होंने बैंक खाते की जानकारी चेक की, तो सात ट्रांजेक्शन के जरिए करीब चार लाख रुपये की निकासी का पता चला. अचानक हुई इस निकासी के बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई.
न मोबाइल नंबर की जानकारी, न OTP का पता
पुलिस को दी गई शिकायत में पुष्प राज ने बताया कि रकम निकालने वाले संदिग्ध व्यक्ति के मोबाइल नंबर या OTP से जुड़ी कोई जानकारी उनके पास नहीं है. उनके अनुसार, रकम ट्रांसफर होने के तुरंत बाद संबंधित व्यक्ति की ओर से भेजे गए चैट का विवरण पुलिस को उपलब्ध कराया गया है. अब इसी समेत अन्य डिजिटल और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
बैंकिंग रिकॉर्ड से साइबर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश
शिकायत के आधार पर बिष्टुपुर साइबर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सातों ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर यह पता लगाने में लगी है कि रकम किन बैंक खातों में पहुंची. जांच के दौरान पुलिस ट्रांजेक्शन की कड़ियों को जोड़कर इस साइबर ठगी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.