Jamshedpur: कमलपुर थाना क्षेत्र की बांगुड़दा पुलिया पर मंगलवार देर रात एक खाली ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ट्रक पुलिया की रेलिंग से टकराने के बाद सड़क पर फंस गया, जिसके कारण बराभूम-बांदोवान मुख्य मार्ग पर करीब पांच घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही.
झपकी आने से बिगड़ा ट्रक का संतुलन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से जा भिड़ा. टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर ही फंस गया. इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
हादसे की जानकारी मिलते ही कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ चालक से भी जानकारी ली. चालक ने पुलिस को बताया कि झपकी आने के कारण उसका वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा. दुर्घटना में चालक को चोट नहीं आई, जबकि पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई.
क्रेन से हटाया गया ट्रक, सुबह खुला रास्ता
ट्रक को सड़क से हटाने के लिए बुधवार सुबह जमशेदपुर से क्रेन मंगाई गई. करीब सात बजे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का काम शुरू हुआ. ट्रक हटाए जाने के बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे मुख्य सड़क को यातायात के लिए साफ कर दिया गया. इसके साथ ही करीब पांच घंटे से प्रभावित वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी.