Ranchi: रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहे JPSC-JSCC आंदोलन के बीच बुधवार को एक युवक के एयर गन लेकर पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल मच गई. प्रदर्शन स्थल के पास संदिग्ध स्थिति में नजर आने के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से भागने लगा. जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
भीड़ के बीच एयर गन के साथ दिखा युवक
जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों और छात्रों का विरोध प्रदर्शन जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहा था. इसी दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसके हाथ में एयर गन थी. पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आते देख युवक ने वहां से निकलने की कोशिश की. जवानों ने तुरंत उसका पीछा किया और उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया.
हजारीबाग का रहने वाला बताया जा रहा युवक
प्रारंभिक जानकारी में युवक की पहचान हजारीबाग जिले के निवासी के रूप में बताई जा रही है. हालांकि, उसकी पहचान और पृष्ठभूमि को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि वह एयर गन लेकर आंदोलन स्थल तक क्यों पहुंचा था और उसके पीछे उसकी क्या मंशा थी.
पूछताछ के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल एयर गन को लेकर युवक के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी, इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है. आंदोलन स्थल पर पहले से बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है. ऐसे में युवक के एयर गन लेकर पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है.