Ranchi News : पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय की अध्यक्षता में 12 अगस्त को महत्वपूर्ण बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी। बैठक में झारखंड सरकार की ओर से पुलिस महानिरीक्षक ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह शामिल होंगे।
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में पूर्व में जारी नामांकन में बदलाव किया है। विभाग के संयुक्त सचिव संजय पाण्डेय की ओर से इस संबंध में गृह सचिव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए संशोधित नामांकन जारी किया गया है।
अजय लिंडा की जगह नरेंद्र कुमार सिंह नामित
पहले इस बैठक में झारखंड की ओर से पुलिस महानिरीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग अजय लिंडा को शामिल होना था। अब उनके स्थान पर पुलिस महानिरीक्षक ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह को नामित किया गया है। विभाग की ओर से संशोधित नामांकन की जानकारी दोनों संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भी भेजा गया है।
पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली इस बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा, उनकी चुनौतियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्यों से आवश्यक जानकारी और सुझाव लिए जाने की भी उम्मीद है। झारखंड की ओर से बैठक में पुलिस महानिरीक्षक ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में राज्य से जुड़े पत्रकार सुरक्षा संबंधी विषयों को भी रखा जा सकता है।