Ranchi News : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और ब्रह्माकुमारीज पाठशाला के सहयोग से विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम नशामुक्त भारत अभियान और मिशन स्पंदन के तहत हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
कार्यक्रम में प्रो. आर. के. डे ने युवाओं की जिम्मेदारी पर बात की। उन्होंने कहा कि नशे की आदत से स्वास्थ्य के साथ पढ़ाई, परिवार और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। युवाओं को खुद नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करना चाहिए। ब्रह्माकुमारीज की बीके सीमा बहन, बीके भारती बहन, बीके तनुजा बहन, बीके रामनिवास भाई और बीके दुखरन भाई ने विद्यार्थियों को नशे के नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अनुशासन को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
ध्यान और राजयोग का कराया अभ्यास
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों को ध्यान और राजयोग का अभ्यास भी कराया गया। इसके जरिए मन को शांत रखने और आत्मनियंत्रण विकसित करने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त जीवन की शपथ ली। उन्होंने खुद नशे से दूर रहने और परिवार, दोस्तों व समाज के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के आयोजन में एनएसएस समन्वयक हृषिकेश महतो, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि वर्मा और एनएसएस कार्यालय की अहम भूमिका रही। इस दौरान युवाओं को पढ़ाई, खेल, रचनात्मक कार्य और सामाजिक सेवा से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।