Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-11

Jharkhand Politics: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर भड़की भाजपा, आदित्य साहू बोले- “झारखंड बंद रहा सफल, राहुल गांधी साध रहे साजिश चुप्पी”

Jharkhand Politics: झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ अपना हमला और तेज कर दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया. उन्होंने लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज इस तरह नहीं दबाई जा सकती.

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आदित्य साहू ने 10 अगस्त की घटना को झारखंड के लिए काला दिवस बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन को दबाने की कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई और इसके लिए उन्होंने राहुल गांधी का नाम लेते हुए गंभीर सवाल उठाए.

राहुल गांधी की चुप्पी पर आदित्य साहू ने उठाए सवाल
आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी दूसरे राज्यों में छात्रों से जुड़े मामलों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान उनकी ओर से सरकार पर कोई दबाव नहीं बनाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समर्थन से चल रही राज्य सरकार होने के कारण राहुल गांधी इस मामले पर चुप हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में झारखंड के छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें राज्य में आकर छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए और मुख्यमंत्री से जवाब मांगना चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांगों को स्वीकार नहीं करती है तो कांग्रेस को सरकार से अपना समर्थन वापस लेने पर विचार करना चाहिए.

BJP ने कहा- छात्रों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी
आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर भाजपा पीछे हटने वाली नहीं है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक उठाती रहेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा एनडीए के सांसदों ने भी संसद के भीतर और बाहर उठाया है. भाजपा नेता के मुताबिक, अब यह मामला सिर्फ राज्य तक सीमित नहीं है और छात्रों की आवाज दूसरे हिस्सों तक भी पहुंच रही है.

पुलिस की तारीफ पर भी सरकार को घेरा
आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें पुलिसकर्मियों की कार्रवाई की सराहना की गई थी. उन्होंने पूछा कि जब प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब उन पर बल प्रयोग को किस आधार पर सही ठहराया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सरकार को पुलिस कार्रवाई की प्रशंसा करने के बजाय छात्रों की मांगों पर बातचीत करनी चाहिए और विवाद का समाधान निकालना चाहिए.



झारखंड बंद को सफल बताया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की ओर से बुलाए गए झारखंड बंद को सफल बताते हुए आम लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार जताया. उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक भाजपा इस मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी.

आदित्य साहू ने दोहराया कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनके साथ संवाद करना चाहिए और उनकी मांगों पर ठोस फैसला लेना चाहिए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !