Jamshedpur: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आस्था ट्विन सिटी (रॉयल पाम ब्लॉक B/2) निवासी 44 वर्षीय मनीष कुमार ने सोसाइटी प्रबंधन और स्टाफ पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा जानबूझकर फ्लैट की बिजली काटने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित मनीष कुमार ने इस संबंध में बिरसानगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2021 में आस्था ट्विन सिटी के रॉयल पाम प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराया था। कंपनी द्वारा तय समय पर फ्लैट का पजेशन न मिलने और प्रबंधन से बार-बार पत्राचार के बावजूद कोई समाधान न होने पर, वे दिसंबर 2023 में विवश होकर अपने निर्माणाधीन और अधूरे फ्लैट में ही रहने लगे। बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर जब 1 मई 2026 को आस्था ट्विन सिटी के निवासियों ने प्रदर्शन किया, तो मनीष कुमार ने भी उसमें हिस्सा लिया और मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखी थीं। आरोप है कि इसके बाद से ही आस्था प्रबंधन के स्टाफ द्वारा उन पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा।
आरोप के मुताबिक, 2 जून 2026 को उनके फ्लैट का बिजली तार काट दिया गया। मेंटेनेंस टीम से कोई मदद न मिलने पर मनीष कुमार ने खुद के पैसे खर्च कर बिजली ठीक कराई, लेकिन अगले ही दिन 3 जून की शाम करीब 4:30 बजे उनका बिजली तार फिर से काट दिया गया। पीड़ित ने जब पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर संपर्क किया (रिकॉर्ड आईडी: 569077), तो मौके पर पहुंची पुलिस ने मेंटेनेंस टीम से संपर्क साधने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने फोन नहीं उठाया।
मनीष कुमार ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित करने और मानसिक रूप से तंग करने की नीयत से यह हरकतें की जा रही हैं, जिसमें गोविंद मण्डल और कुणाल सिंह की संलिप्तता है। पीड़ित ने भविष्य में अपने जान-माल के खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और न्यायसंगत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।