Hazaribagh News: हजारीबाग के बरही चौक से गुजरने वाले वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब वैकल्पिक सड़क की योजना पर जोर दिया जा रहा है. बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने विधानसभा में देवचंदा मोड़ से गौरियाकरमा होते हुए चौपारण तक बाईपास सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा है.
विधायक ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सरकार का ध्यान बरही चौक की मौजूदा यातायात समस्या की ओर दिलाया. उन्होंने कहा कि बरही-हजारीबाग फोरलेन को बरही-चौपारण मार्ग से जोड़ने वाला अलग रास्ता तैयार किया जाए, ताकि मुख्य चौक से गुजरने वाले वाहनों की संख्या कम की जा सके.
बरही बाईपास का काम पहले से छह लेन परियोजना में शामिल
सरकार ने विधानसभा में बताया कि बरही-चौपारण मार्ग NH-19 का हिस्सा है. इस सड़क का निर्माण और उन्नयन केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन है.
वर्तमान में NHAI की ओर से चोरदाहा-गोरहर सेक्शन को छह लेन में विकसित करने का काम चल रहा है. इसी परियोजना में बरही बाईपास भी शामिल किया गया है. सरकार का अनुमान है कि छह लेन का काम पूरा होने के बाद बरही चौक पर वाहनों का दबाव काफी हद तक कम हो सकता है.
देवचंदा मोड़-गौरियाकरमा-चौपारण मार्ग पर NHAI से मांगी गई कार्रवाई
विधायक की ओर से रखी गई अतिरिक्त बाईपास की मांग पर पथ निर्माण विभाग ने भी NHAI से संपर्क किया है. विभाग ने 10 अगस्त 2026 को पत्र भेजकर NHAI के क्षेत्रीय पदाधिकारी से प्रस्तावित मार्ग की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
विभाग ने कहा है कि स्थानीय जरूरतों के साथ-साथ तकनीकी व्यवहार्यता को देखते हुए देवचंदा मोड़ से गौरियाकरमा होते हुए चौपारण तक बाईपास की संभावना पर विचार किया जाए.
तकनीकी जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
विधानसभा में मामला उठने और NHAI को विभागीय पत्र भेजे जाने के बाद अब प्रस्तावित बाईपास को लेकर अगली कार्रवाई का इंतजार है. तकनीकी और व्यवहार्यता जांच के आधार पर ही यह तय होगा कि नया मार्ग बनाया जा सकता है या नहीं. अगर प्रस्तावित बाईपास को मंजूरी मिलती है, तो बरही चौक से गुजरने वाले वाहनों का भार कम किया जा सकता है. इससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने और बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.