Jamshedpur News: जमशेदपुर में गोलमुरी बाजार में भी JPSC-JSSC मामले की CBI जांच और छात्रों के समर्थन में बुलाए गए झारखंड बंद का असर दिखा. भाजपा गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाजार में दुकानदारों और व्यवसायियों से संपर्क कर अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की.
दुकानदारों से किया गया संपर्क
भाजपा के अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार के अलग-अलग हिस्सों में जाकर दुकानदारों से बंद में सहयोग करने का आग्रह किया. इस दौरान भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार भी मौजूद रहे.
भाजपा नेताओं के मुताबिक, अपील के बाद कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद का समर्थन किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि बंद का उद्देश्य छात्रों की मांगों को समर्थन देना और JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग को सरकार तक पहुंचाना है.
छात्रों की मांगों के समर्थन में भाजपा
दिनेश कुमार कहे कि झारखंड के युवा अपने भविष्य और अधिकार को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष CBI जांच कराकर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए.
उन्होंने छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए. दिनेश कुमार ने कहा कि सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान बातचीत और निष्पक्ष जांच के जरिए करना चाहिए. उन्होंने गोलमुरी के दुकानदारों और व्यवसायियों का बंद में सहयोग करने के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि व्यापारियों का समर्थन छात्रों के मुद्दे के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है.
जनसंपर्क अभियान में हलधर नारायण साह, बंटी अग्रवाल, हरेराम यादव, बी. श्रीनिवास राव, लक्ष्मण बेहरा, सुरेंद्र सिंह शिंदे, रविनाथ घोष समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.