Jamshedpur News: एग्रीको में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में 11 मई को हुई इस वारदात में रविंद्र सिंह पर अपनी पत्नी सरिता सिंह, बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे अभिषेक कुमार की हत्या करने का आरोप है.
पुलिस ने प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी सुरेंद्र बेदिया की अदालत में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र पेश किया है. हालांकि, जांच से जुड़ी एफएसएल रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है. इस वजह से मामले की जांच को पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है.
पुलिस की जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की गई. पुलिस का दावा है कि वारदात की शुरुआत सरिता सिंह की हत्या से हुई, जिसके बाद सुप्रिया सिंह और अभिषेक कुमार को भी मार दिया गया.
सूचना मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो रविंद्र सिंह घर के भीतर ही मौजूद था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया.
चार्जशीट दाखिल होने से पहले दाखिल हुई जमानत अर्जी
मामले में आरोपी की ओर से अधिवक्ता प्रभात शंकर तिवारी ने सोमवार को जमानत के लिए अदालत का रुख किया. बचाव पक्ष ने दलील दी कि गिरफ्तारी के बाद 90 दिन की निर्धारित अवधि 9 अगस्त को पूरी हो चुकी थी और इस अवधि के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी.
अधिवक्ता के अनुसार, जमानत आवेदन सुबह करीब 10:30 बजे अदालत में दाखिल किया गया. इसके कुछ समय बाद ही पुलिस ने लगभग 11:50 बजे आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत कर दिया. इसके बावजूद अदालत से आरोपी को जमानत नहीं मिल सकी
FSL रिपोर्ट आने के बाद जुड़ेंगे नए तथ्य
पुलिस ने फिलहाल जांच में उपलब्ध सामग्री और साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की है. एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है, तो उसे भी केस के अनुसंधान का हिस्सा बनाया जाएगा.
यानी आरोप पत्र दाखिल होने के बाद भी मामले से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच जारी रहेगी और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है..