Jamshedpur News: पोटका विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण परियोजनाओं को लेकर विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. जमशेदपुर परिसदन में हुई इस बैठक में उन्होंने टेंडर के बावजूद वर्षों तक काम शुरू नहीं होने और कुछ सड़कों का काम अधूरा छोड़ दिए जाने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की. विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों से लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने और लंबित परियोजनाओं को री-टेंडर कर जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए कहा.
नोटिस के बावजूद काम नहीं होने पर दो कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. को पोटका प्रखंड में कई सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम 7 अगस्त 2025 को दिया गया था. समय पर काम शुरू नहीं होने पर कंपनी को जनवरी 2026 में नोटिस दिए गए, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ. इसी कंपनी को लगभग ग्यारह करोड़ चौदह लाख रुपये की अन्य सड़क परियोजनाएं भी मिली थीं, जिनमें कुछ जगह केवल वेट मिक्स मैकाडम या गार्डवाल का काम हुआ, जबकि कई हिस्सों में निर्माण शुरू तक नहीं हुआ. लगभग सोलह करोड़ बावन लाख रुपये की विशेष मरम्मत परियोजनाओं में भी काम अधूरा रहने के बाद विभाग ने कंपनी को डिबार करने की अनुशंसा की है. वहीं, रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा और कुदादा-छोटा तलसा सड़क का काम नहीं शुरू करने पर मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. के खिलाफ भी डिबार की अनुशंसा की गई है.
विधायक संजीव सरदार ने कहा:- विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
बैठक में संजीव सरदार ने अधिकारियों से पूछा कि टेंडर के बाद भी सड़क निर्माण में इतनी देरी क्यों हो रही है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें लोगों के आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. ऐसे में ठेकेदारों की लापरवाही के कारण परियोजनाओं को लंबित रखना उचित नहीं है. उन्होंने लंबित कार्यों की समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई करने और जहां जरूरी हो, वहां री-टेंडर कराकर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए.
पोटका में तीन नई सड़कों का जल्द होगा निर्माण
इधर, पोटका विधानसभा क्षेत्र में तीन नई सड़कों के निर्माण की तैयारी भी है. मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक तीन दशमलव तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग तीन करोड़ उनतीस लाख रुपये, हल्दीपोखर चौक से मुस्लिम बस्ती होते हुए हेंसल सीमा तक दो दशमलव एक किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग एक करोड़ बाइस लाख रुपये और हेंसलामदा पंचायत के दीगरसाईं से पोडसागोड़ा तक एक दशमलव आठ पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग एक करोड़ अठत्तर लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है. इन सड़कों का जल्द भूमिपूजन कर काम शुरू कराने की बात कही गई है. विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है.