JPSC-JSSC Protest : JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को छात्रों का विधानसभा मार्च जोरदार रहा। इस मार्च में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी शामिल हुए। खास बात यह रही कि वह पिछले 9 दिनों से अनशन पर हैं और खराब स्वास्थ्य के बावजूद आंदोलनकारियों के साथ विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे।
एंबुलेंस से पहुंचे, फिर स्ट्रेचर पर आगे बढ़े
देवेंद्र नाथ महतो शुरुआत में कुछ दूरी तक पैदल चले। इसके बाद स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस में बैठाया गया। कुछ दूरी तक एंबुलेंस से जाने के बाद आंदोलनकारी उन्हें स्ट्रेचर पर लेकर आगे बढ़े। उन्हें इस तरह आंदोलन में शामिल होते देख छात्रों में उत्साह बढ़ा और उनके समर्थन में नारे लगाए गए। महतो पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। खराब स्वास्थ्य के बावजूद उन्होंने विधानसभा मार्च में छात्रों का साथ दिया।
कई बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर बढ़े। रास्ते में पुलिस की ओर से कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। छात्रों ने कई बैरिकेड पार करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। वहीं, छात्र संगठनों के स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने और आंदोलन को अनुशासित बनाए रखने की कोशिश करते रहे।

देवेंद्र महतो बोले:- कांटेदार तार देखकर ज्यादा दुख हुआ
मार्च के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि उन्हें अनशन से ज्यादा पुलिस की ओर से लगाए गए कांटेदार तारों को देखकर दुख हुआ। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने आंदोलनकारियों से भी संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। महतो ने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद वह छात्रों के साथ खड़े रहने के लिए विधानसभा मार्च में शामिल हुए हैं। JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन सभी प्रमुख मांगों पर पूर्ण सहमति नहीं बन पाई है। छात्र कथित परीक्षा गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और विवादित परीक्षाओं को लेकर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई। विधानसभा के आसपास बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। छात्रों का आंदोलन फिलहाल जारी है।