Adityapur Pipeline Leak: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जल निकासी और पाइपलाइन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. रविवार को आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 13 में मुख्य सड़क के बीच अचानक दरार पड़ गई और वहां से तेज रफ्तार में गंदा पानी निकलने लगा. कुछ ही देर में पानी आसपास के रिहायशी इलाकों में पहुंच गया, जिससे लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
घर में घुसा गंदा पानी
सड़क से बहता दूषित पानी स्थानीय निवासी मिथिलेश झा के घर में भी प्रवेश कर गया. घर के कमरे, हॉल और आंगन में पानी भर गया. इससे घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और राशन समेत कई सामान खराब हो गए. परिवार को अचानक हुए इस जलजमाव से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
बोरिंग में पहुंचा दूषित पानी, पीने के पानी का संकट
जल रिसाव का असर घर के बाहर लगी बोरिंग पर भी पड़ा है. सड़क का गंदा पानी बोरिंग में जाने के बाद वहां से अब मटमैला और दूषित पानी निकल रहा है. इससे परिवार के सामने पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है.
स्थानीय लोगों को आशंका है कि जिंदल जल आपूर्ति योजना की मुख्य पाइपलाइन में खराबी या पाइप फटने की वजह से सड़क के नीचे से पानी का रिसाव हो रहा है.
कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी
सड़क के बीच से लगातार पानी निकलने के बावजूद खबर लिखे जाने तक नगर निगम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम की लापरवाही के कारण इस तरह की समस्याएं बार-बार सामने आती हैं और इसका सीधा असर आम लोगों को झेलना पड़ता है.
स्थानीय नागरिकों के साथ राजद नेता पुरेंद्र नारायण सिंह ने जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराने के साथ प्रभावित परिवार के नुकसान का आकलन कर आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.