Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-09

Jamshedpur News: डिमना लेक में दो जूनियर डॉक्टरों की मौत, पोस्टमार्टम में सक्षम के शरीर पर चोट, समीर के सिर पर मिला गहरा घाव

Jamshedpur: जमशेदपुर के डिमना लेक में दो इंटर्न डॉक्टरों की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जांच को अहम जानकारी मिली है. एमजीएम अस्पताल के जूनियर चिकित्सक और पलामू निवासी डॉ. सक्षम कुमार की मौत का मुख्य कारण पानी में डूबने से सांस रुकना बताया गया है. हालांकि, उनके शरीर पर कुछ बाहरी चोटों के निशान भी दर्ज किए गए हैं. वहीं, दूसरे मृत चिकित्सक डॉ. समीर कुमार लाल के सिर पर करीब 2 सेंटीमीटर गहरा घाव मिला है.

सक्षम के फेफड़ों में मिला पानी और झागदार पदार्थ
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक डॉ. सक्षम कुमार की मौत जांच से करीब 30 से 36 घंटे पहले हुई थी. शव के परीक्षण के दौरान छाती की गुहा में तरल पदार्थ पाया गया. फेफड़ों को दबाने पर झागदार पानी भी बाहर निकला. चिकित्सकीय जांच में मिले इन संकेतों को पानी में डूबने के कारण सांस रुकने से हुई मौत के अनुरूप माना गया है. पुलिस अब रिपोर्ट में सामने आए सभी तथ्यों को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है.

रिपोर्ट में डॉ. सक्षम के शरीर पर दो बाहरी चोटों का भी उल्लेख है. दाहिने हाथ की तर्जनी के पास और बायीं कोहनी के पिछले हिस्से में चोट पाई गई है. चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह की चोट किसी कठोर या भोथरी सतह से टकराने के कारण भी हो सकती है. इन चोटों की परिस्थितियों को लेकर पुलिस अन्य साक्ष्यों के साथ जांच कर रही है.

समीर के सिर में गंभीर चोट
डॉ. समीर कुमार लाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट की जानकारी सामने आई है. काशीडीह निवासी समीर के सिर के आगे दाहिनी तरफ करीब 2 सेंटीमीटर गहरा घाव मिला. रिपोर्ट के अनुसार, चोट वाले हिस्से के अंदर खून का थक्का जमा था. इसके अलावा मस्तिष्क में सूजन और रक्तस्राव के संकेत भी मिले हैं.

पोस्टमार्टम में चिकित्सकों ने सिर की चोट को गंभीर बताया है. रिपोर्ट में ऐसी चोट भारी पत्थर या किसी नुकीली-भोथरी वस्तु के संपर्क से लगने की संभावना का उल्लेख किया गया है. हालांकि, मौत के कारण को लेकर रिपोर्ट में डूबने से सांस रुकने की बात दर्ज है. इस वजह से पुलिस के लिए यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि सिर पर लगी चोट किन परिस्थितियों में आई और उसका मौत की पूरी घटना से क्या संबंध है.

23 जुलाई की रात डिमना लेक पहुंचे थे तीन डॉक्टर
घटना 23 जुलाई की देर रात की है. जानकारी के अनुसार एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर डॉ. सक्षम कुमार, डॉ. समीर कुमार लाल और डॉ. यश कुमार डिमना लेक पहुंचे थे. पुलिस जांच के अनुसार तीनों के नशे की हालत में वहां पहुंचने की बात सामने आई थी. लेक के फाटक के पास करीब 11 फीट गहरे जलाशय में डूबने से सक्षम और समीर की मौत हो गई, जबकि डॉ. यश कुमार किसी तरह पानी से बाहर निकलने में सफल रहे. दोनों मृत डॉक्टरों के परिजन पहले ही घटना को लेकर हत्या की आशंका जता चुके हैं. अब पोस्टमार्टम में सामने आए चोट के निशानों के बाद पुलिस के सामने घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो गई है. जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी शामिल किया जा रहा है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !