Ranchi News: झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 और जतरा कार्यक्रम को देखते हुए रांची पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 9 और 10 अगस्त को बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.
जेल चौक से बापू वाटिका तक नो-एंट्री
9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका तक सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. इन मार्गों पर निर्धारित अवधि तक नो-एंट्री लागू रहेगी.
रांची यूनिवर्सिटी मैदान में होगी पार्किंग
खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से रिंग रोड और चांदनी चौक होते हुए आने वाले वाहनों के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. शहर के अंदर से आने वाले वाहनों के लिए भी इसी मैदान में पार्किंग की सुविधा रहेगी.
शहर के इन इलाकों से आने वाले वाहन भी यहीं होंगे पार्क
धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से न्यू मार्केट चौक, रेडियम चौक और सिद्दू-कान्हू मोड़ होकर कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले वाहन रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क किए जाएंगे.
चारपहिया वाहनों से बचने की अपील
रांची ट्रैफिक एसपी ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास चारपहिया वाहनों के इस्तेमाल से बचें. जरूरी होने पर ही इन रास्तों से वाहन लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
जरूरत पड़ने पर बदले जा सकते हैं अन्य रूट
यातायात दबाव और कार्यक्रम की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए डायवर्जन या वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सकती है. पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और कार्यक्रम के दौरान सहयोग करने की अपील की है.