Seraikela: सरायकेला जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 37 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 500 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की गई। छापेमारी के दौरान दोनों स्थानों पर शराब तैयार करने के लिए बड़ी मात्रा में जावा महुआ रखा मिला। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही करीब 37 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट कर दिया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से शराब के कारोबार में इस्तेमाल की जा रही एक मिनी ट्रक और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। उत्पाद विभाग के एसआई सोनू कुमार ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से कारोबारियों में मचा हड़कंप
छापेमारी में भारी मात्रा में जावा महुआ और तैयार शराब की बरामदगी से इलाके में सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप की स्थिति है। छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, सिपाही महेंद्र रविदास समेत उत्पाद विभाग और होमगार्ड के जवान शामिल थे।