Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-08

BREAKING: प्रिंस खान गैंग के संदिग्ध ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

BREAKING: हजारीबाग के बड़कागांव के 13 माइल गोलीकांड की जांच के दौरान पुलिस और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े एक संदिग्ध के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है. पुलिस के अनुसार, पिपराडीह गांव में हथियार और बम बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.


बड़कागांव पुलिस के मुताबिक, 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर 25 जुलाई की रात दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लिया गया था. पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को हथियार और बम छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी थी.


इसके बाद पुलिस टीम उसे साथ लेकर पिपराडीह गांव के पास स्थित लंबे समय से बंद गैस प्लांट के इलाके में पहुंची थी. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान अंकित ने हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.

देसी पिस्तौल और बम समेत सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, इसी बोर की एक मिसफायर गोली और एक जिंदा गोली बरामद की गई है. इसके अलावा एक देसी बम और प्रिंस खान गिरोह के नाम से लिखे चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस अब बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि 13 माइल गोलीकांड में अंकित के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे.

प्रिंस खान गैंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात
हजारीबाग पुलिस की ओर से प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जाती रही है. पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने भी पहले गिरोह से जुड़े लोगों को गैंग छोड़ने की चेतावनी दी थी.

बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने गिरोह से जुड़े संदिग्धों पर निगरानी और कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं.

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घायल अंकित कुमार पांडेय का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस के दावे और मुठभेड़ की परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !