Ink Attack On Neha Bora: राजधानी रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के दौरान शुक्रवार को एक अप्रत्याशित घटना सामने आई. आंदोलन स्थल पर पहुंचीं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर प्रदर्शन के दौरान किसी ने स्याही फेंक दी. घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई. इस घटनाक्रम के बाद JPSC-JSSC आंदोलन का माहौल और अधिक गर्म हो गया है.
बताया जा रहा है कि अब तक छात्र आंदोलन किसी बड़े राजनीतिक हस्तक्षेप से दूर था, लेकिन लेफ्ट छात्र संगठन की नेता नेहा बोरा के आंदोलन स्थल पर पहुंचने के बाद कुछ छात्रों और प्रदर्शनकारियों के बीच नाराजगी देखने को मिली. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया और उन पर स्याही फेंक दी. घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने स्थिति को संभाला, जबकि सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई.
हाल के दिनों में छात्र आंदोलनों के कारण राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहीं नेहा बोरा देश की प्रमुख छात्र नेताओं में शामिल हैं. वह AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स में पीएचडी रिसर्च स्कॉलर भी हैं.
नेहा बोरा उस समय राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने NEET पेपर लीक समेत विभिन्न छात्र मुद्दों को लेकर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार 23 दिनों तक भूख हड़ताल की थी. आंदोलन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्होंने अपना प्रदर्शन जारी रखा था. इसके बाद वह छात्र आंदोलनों का एक प्रमुख चेहरा बनकर उभरीं.
शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर नेहा बोरा लंबे समय से सक्रिय रही हैं. AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में वह देशभर में आयोजित छात्र आंदोलनों और कार्यक्रमों में भाग लेती रही हैं. AISA भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन से संबद्ध छात्र संगठन है. जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान छात्रों के समर्थन में दिए गए उनके भाषण और बयान सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से चर्चा में रहे थे.