Ranchi News : राजधानी रांची में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए रातू रोड स्थित दुर्गा मंदिर क्षेत्र की "मां डेयरी" में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में संदिग्ध नकली पनीर और उसे तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे पाम ऑयल, केमिकल तथा अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की।
खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि रातू रोड इलाके की कुछ डेयरियों में रसायनों और मिलावटी सामग्री का उपयोग कर नकली पनीर तैयार किया जा रहा है और उसे बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह औचक छापेमारी की।
शुरुआती जांच में पनीर की गुणवत्ता पर उठे सवाल
छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर से बड़ी मात्रा में तैयार संदिग्ध पनीर, पाम ऑयल, केमिकल और अन्य सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में पनीर की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। विभाग का कहना है कि ऐसे खाद्य पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हो सकते हैं।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बरामद पनीर और अन्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।