कोलकाता से घर लौटते ही शुरू हुआ खूनी विवाद
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी अबरास अंसारी कोलकाता में रहकर मजदूरी का काम करता है. घटना वाले दिन ही वह अपने गांव झेनागढ़िया लौटा था. देर रात किसी बात को लेकर उसका अपनी 22 वर्षीया पत्नी गुलचेहरा बीबी और 50 वर्षीया सास मेनजा बीबी के साथ कहासुनी हो गई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने तैश में आकर दोनों महिलाओं पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
7 साल की बेटी बनी खौफनाक वारदात की चश्मदीद
घटना के समय घर में मौजूद दंपती की 7 साल की मासूम बेटी इस पूरी खौफनाक वारदात की गवाह बनी. बच्ची ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसके पिता ने पहले मां और नानी के साथ झगड़ा किया और फिर अचानक चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया. घटना के बाद घर में मौजूद तीनों बच्चों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हुए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, छापेमारी तेज
घटना की खबर मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ झेनागढ़िया गांव पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं एसडीपीओ कुमार गौरव ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों को ढांढस बंधाया. पुलिस की कई टीमें गठित कर आरोपी अबरास अंसारी के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है.