Jebel Ali Blast: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई स्थित जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया और पोर्ट के आसपास बुधवार, 5 अगस्त 2026 की सुबह करीब 20 मिनट के भीतर कम से कम सात जोरदार धमाके हुए. धमाकों के तुरंत बाद ईंधन भंडारण के लिए इस्तेमाल होने वाले एक बड़े वेयरहाउस में भीषण आग लग गई, जिससे आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई दिया.
सैटेलाइट इमेज से आग की पुष्टि
नासा की थर्मल सैटेलाइट इमेजरी में भी जेबेल अली इलाके में आग और तापमान में अचानक बढ़ोतरी की पुष्टि हुई है. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने इलाके की घेराबंदी कर दी. सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने या आर्थिक नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.
कारणों को लेकर सामने आए अलग अलग दावे
घटना की वजह को लेकर विरोधाभासी दावे किए जा रहे हैं. दुबई मीडिया ऑफिस और सिविल डिफेंस ने इसे किसी वर्कशॉप या वेयरहाउस में लगी औद्योगिक आग बताया है. वहीं, इराकी मीडिया और ईरान की सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी का दावा है कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच यमन के हूती विद्रोहियों ने मिसाइल या ड्रोन से जेबेल अली पोर्ट को निशाना बनाया है.
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
संवेदनशील भू राजनीतिक माहौल के बीच जेबेल अली पोर्ट के पास हुए धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. फिलहाल अधिकारियों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं.