Hemant Soren On JPSC Protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार सभी की बात सुनने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की कोई मांग है, वे सरकार के सामने अपनी बात रख सकते हैं और सरकार उन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार पहले से ही इस पूरे विषय से अवगत है.
सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले
सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के लिए खुली है और छात्र अपनी मांगों को सीधे सरकार के सामने रख सकते हैं. उन्होंने कहा, “सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. जिनकी मांग है, वे सरकार से अपनी बात रख सकते हैं. यह विषय हमारे संज्ञान में है और जब छात्र अपनी बात रखेंगे तो सरकार उस पर गंभीरता से विचार करेगी.
CID पर उठे सवालों पर क्या बोले मुख्यमंत्री
जब मुख्यमंत्री से छात्रों द्वारा झारखंड सीआईडी की जांच पर भरोसा नहीं होने संबंधी सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देश में कई जांच एजेंसियां हैं और सभी उनके कामकाज से परिचित हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मामले में संज्ञान लिया है और आवश्यक कदम उठाए हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों में भी इस तरह की घटनाओं की जानकारी मिलती रही है, लेकिन उनके अनुसार वहां कई मामलों में सरकारों ने कोई कार्रवाई नहीं की.
छात्र आंदोलन के बीच आया बयान
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य में छात्र आंदोलन जारी है. विभिन्न छात्र संगठन भर्ती प्रक्रिया और जांच से जुड़े मुद्दों पर अपनी मांगें उठा रहे हैं.