Ranchi News: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में एक दिन पहले वाहनों में तोड़फोड़ की घटना में हिरासत में लिया गया नाबालिग बुधवार को बड़ा तालाब में डूब गया. स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसका शव बाहर निकाला गया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले हिंदपीढ़ी इलाके में खड़े आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए थे. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और लंबे समय से नशे की लत से भी जूझ रहा था.
बताया जा रहा है कि बुधवार को नाबालिग बड़ा तालाब पहुंचा और अचानक गहरे पानी में छलांग लगा दी. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और तुरंत स्थानीय गोताखोरों को सूचना दी.
गोताखोरों ने काफी देर तक तालाब में तलाश अभियान चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद जब नाबालिग को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद तालाब के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला मानसिक तनाव और नशे की लत से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत की परिस्थितियों और एक दिन पहले हुई तोड़फोड़ की घटना के बीच किसी संबंध की भी जांच की जा रही है. पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.