Ranchi News : राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्रों के धरना और आमरण अनशन को पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का समर्थन मिला। उन्होंने अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो और महेंद्र मंडल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और आंदोलन के प्रति अपनी एकजुटता जताई।
अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन में निजी एजेंसियों और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण भ्रष्टाचार बढ़ा है। उनके अनुसार, इसी वजह से पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठते हैं।
केवल इस्तीफा नहीं, व्यवस्था में सुधार जरूरी
उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन कार्रवाई अक्सर छोटे कर्मचारियों तक सीमित रह जाती है। बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय नहीं होती और उनके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि केवल किसी मंत्री या अधिकारी के इस्तीफे से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।
अंबा प्रसाद ने कहा कि फिलहाल वह सरकार का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी आंदोलनरत छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि छात्रों और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने के लिए कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल बनाया गया है, जो जल्द ही आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात करेगा।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी प्रतियोगी परीक्षाओं की अभ्यर्थी रह चुकी हैं, इसलिए छात्रों की पीड़ा को अच्छी तरह समझती हैं। उन्होंने पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ बताते हुए दोषी बड़े अधिकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने और निजी परीक्षा एजेंसियों की व्यवस्था समाप्त कर पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू करने की मांग की।