RIMS 2 Ranchi: झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है. एशियाई विकास बैंक (ADB) के सहयोग से राज्य में “जागृति” परियोजना लागू की जाएगी. इस परियोजना का उद्देश्य इलाज की बेहतर व्यवस्था विकसित करना और लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.
परियोजना के तहत राजधानी रांची में रिम्स-2 का निर्माण किया जाएगा. यहां 1200 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, छात्रावास, खेल परिसर और कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा और इलाज दोनों को मजबूती मिलेगी.
इसके साथ ही कांके के कदमा क्षेत्र में मेडिको सिटी बसाने की योजना है. यहां सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ऑर्गन ट्रांसप्लांट सेंटर और रिसर्च सेंटर स्थापित किए जाएंगे. सरकार का मानना है कि इसके शुरू होने के बाद गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख कम करना पड़ेगा.
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस परियोजना के लिए किसी निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा. रिम्स-2 और मेडिको सिटी दोनों का निर्माण सरकारी जमीन पर होगा, इसलिए किसी परिवार के विस्थापन की नौबत नहीं आएगी.
परियोजना के क्रियान्वयन में स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी. आसपास के गांवों के लोगों से नियमित संवाद होगा और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाएगी.
सरकार ने महिलाओं, आदिवासी समुदाय और अन्य कमजोर वर्गों की स्वास्थ्य जरूरतों को भी इस परियोजना का अहम हिस्सा बनाया है. इसके लिए विशेष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना तैयार की गई है.
वहीं स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्किल सर्वे कराया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें परियोजना से जुड़े विभिन्न कार्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की भी योजना है.