Ranchi News : JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन पर बैठे आंदोलनकारी नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार सुबह सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इस दौरान वांगचुक ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और आंदोलन जारी रखते हुए अपनी जान को खतरे में नहीं डालने की सलाह दी।
सोनम वांगचुक ने देवेंद्र नाथ महतो से पानी पीते रहने की अपील की, ताकि उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहे और आंदोलन भी जारी रह सके। उनकी सलाह के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण कर अपना निर्जला अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अनशन जारी रहेगा, लेकिन अब वह पानी का सेवन करेंगे।
डॉक्टरों की टीम कर रही स्वास्थ्य की निगरानी, एक अन्य आंदोलनकारी का निर्जला अनशन जारी
इस बीच डॉक्टरों की एक टीम धरना स्थल पर पहुंचकर देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जांच कर रही है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
देवेंद्र नाथ महतो के साथ महेंद्र मंडल भी अनशन पर बैठे हुए हैं। वहीं आंदोलनकारी ब्रह्मानंद कुमार अब भी खुले में निर्जला अनशन पर डटे हुए हैं। उन्होंने अब तक पानी का भी सेवन नहीं किया है और उनका निर्जला अनशन चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है।