Jamshedpur News: जमशेदपुर में सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आज़ादनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया. थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर जांच की और बेवजह बैठे लोगों को वहां से हटाया.
पुलिस की कार्रवाई मुर्दा मैदान, नेचर पार्क, करीम सिटी कॉलेज रोड, ओल्ड पुरुलिया रोड, अलबेला गार्डन पुलिया, चेपापुल और पारडीह चौक समेत कई स्थानों पर हुई. अभियान के दौरान पुलिस ने युवकों से पूछताछ की और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ जगहों पर लोगों का जमावड़ा लग रहा है, जहां से नशाखोरी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना भी मिल रही थी. शिकायतों के बाद पूरे क्षेत्र में एक साथ जांच अभियान चलाया गया.
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसलिए ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और जहां भी असामाजिक तत्व सक्रिय मिलेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस की नियमित गश्ती के साथ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना थाना को दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.