Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-04

RIMS Ranchi CCTV: रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल, 1,417 में से बंद पड़े हैं 1,414 सीसीटीवी कैमरे; हैंडओवर के चक्कर में अटका सिस्टम

RIMS Ranchi CCTV: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. अस्पताल परिसर में हाल ही में लगाए गए 1,417 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों में से केवल तीन कैमरे ही चालू हैं, जबकि बाकी 1,414 कैमरे बंद पड़े हैं. इसके चलते पूरे अस्पताल परिसर की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी व्यवस्था लगभग पूरी तरह प्रभावित हो गई है.

करोड़ों की लागत से बना कंट्रोल रूम भी नहीं हो रहा संचालित
रिम्स में आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर नया सीसीटीवी नेटवर्क और कंट्रोल रूम तैयार किया गया था. दावा किया गया था कि यहां से 24 घंटे पूरे परिसर की निगरानी होगी, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है. जानकारी के मुताबिक, कंट्रोल रूम में अधिकांश समय कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं रहता. यहां लगाए गए माइक्रोफोन और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (स्पीकर) भी फिलहाल उपयोग में नहीं हैं. कंट्रोल रूम में केवल एक सुरक्षा गार्ड की तैनाती बताई जा रही है.

नए कैमरे लगे, लेकिन सिस्टम अब तक शुरू नहीं
सूत्रों के अनुसार, पहले से लगे पुराने सीसीटीवी कैमरों को हटाकर नई तकनीक वाले कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन इंस्टॉलेशन के बाद भी पूरा सिस्टम अब तक चालू नहीं हो सका है. इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है.



हैंडओवर नहीं होने को बताया वजह
रिम्स प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी सिस्टम स्थापित करने वाली एजेंसी ने अभी तक परियोजना का औपचारिक हैंडओवर नहीं किया है. इसी कारण कैमरों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है. प्रशासन के मुताबिक, तकनीकी टीम को बुधवार को बुलाया गया है और प्राथमिकता के आधार पर सभी खामियों को दूर कर कैमरों को जल्द चालू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

फिलहाल अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में निगरानी व्यवस्था के ठप होने से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !