Current News : भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दों को लेकर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि विपक्ष चुनिंदा मामलों में ही आक्रोश दिखाता है, जबकि कांग्रेस शासित राज्यों में छात्रों से जुड़े विवादों पर चुप्पी साध लेती है।
संबित पात्रा ने कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान जब पत्रकारों ने राज्य के मंत्री प्रियंक खड़गे से जिम्मेदारी लेने के बारे में पूछा, तो उन्होंने कथित तौर पर असंवेदनशील टिप्पणी की। पात्रा ने इस बयान को अमानवीय बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
झारखंड छात्र आंदोलन और संसद की कार्यवाही का भी किया जिक्र
भाजपा प्रवक्ता ने झारखंड में जारी JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हजारों छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस उनके समर्थन में खुलकर कुछ नहीं बोल रही है। उन्होंने कहा कि संसद परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान भी झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर किसी कांग्रेस सांसद के हाथ में तख्ती दिखाई नहीं दी।
संबित पात्रा ने संसद की कार्यवाही बाधित होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कुछ दलों के रवैये के कारण महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, कुछ विधेयक लोकसभा से पारित हुए, लेकिन उन पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो सकी, जबकि वे आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित थे।