Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में इंडेन गैस गोदाम से हुए सिलेंडर चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ चांडिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि 27 जुलाई 2026 को सापादा स्थित "सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक" के गोदाम से 56 भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को मिले तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर जुगसलाई निवासी सदाब आलम उर्फ बटर, सोनारी निवासी बाबू गोराई और मानगो निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर मानगो के टेक रोड और दाईगुट्टू इलाके से चोरी किए गए कुल 64 गैस सिलेंडर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए सिलेंडरों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था।
पिकअप वाहन, बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने चोरी के सिलेंडरों के परिवहन में इस्तेमाल सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (JH05DW-4807) और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (JH05BN-7028) को जब्त किया है। इसके अलावा एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक जियो कीपैड मोबाइल भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस सफल उद्भेदन अभियान में मुख्य रूप से तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कार्तिकेय सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरदेव पासवान, सहायक अवर निरीक्षक बिरोलाल मुर्मू, हवलदार दिलीप लोहरा, पिथो मुर्मू तथा आरक्षी रमेश मेलगाण्डी व प्रशांत कुमार दत्त शामिल थे।