Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-04

Jamshedpur News : जमशेदपुर से शुरू होगा 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, दो माह तक झारखंड और बंगाल में चलेगा अभियान

Jamshedpur News : भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का भव्य शुभारंभ 7 अगस्त को जमशेदपुर से होगा। ब्रह्माकुमारीज द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के मिशन स्पंदन के सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे।


राज्यपाल इस अवसर पर नशामुक्ति जनजागरण बस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बस यात्रा करीब दो महीने तक झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों एवं जिलों का भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी और नशामुक्त समाज का संदेश देगी।

स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम, 25 अगस्त को मेगा रक्तदान शिविर भी

कार्यक्रम के दौरान 25 अगस्त को राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी डॉ. प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर के पोस्टर का भी राज्यपाल लोकार्पण करेंगे। आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष भारत और नेपाल के ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्रों के संयुक्त प्रयास से 89 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस वर्ष 21 से 25 अगस्त तक इससे भी बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।


अभियान के पहले चरण में लगभग 20 दिनों तक जमशेदपुर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, पार्कों, मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जनजागरण यात्रा चाकुलिया, घाटशिला, चक्रधरपुर, चाईबासा, जादूगोड़ा, चांडिल, रामगढ़, हजारीबाग, गया, देवघर, आसनसोल, रानीगंज, बांकुड़ा, निरसा, मधुपुर, बर्नपुर, बलरामपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में पहुंचेगी।

आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों से नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराना नहीं, बल्कि उनमें आत्मबल, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं नशामुक्त रहने का संकल्प लें और कम से कम पांच अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें।

अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोग व्हाट्सएप नंबर 9414154000 पर "PLEDGE" लिखकर संदेश भेज सकते हैं। अभियान का संदेश है:-"एक संकल्प, 10 करोड़ परिवर्तन - नशामुक्त युवा, सशक्त भारत, विकसित भारत।"

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !