Adityapur News: आदित्यपुर में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आदित्यपुर थाना पुलिस ने सोमवार शाम को विशेष बाइक गश्ती अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने इलाकों में गहन जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
इन इलाकों में अभियान चलाया गया
थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने बागानपाड़ा, गम्हरिया, कमारपाड़ा, स्टेशन रोड, लाल बिल्डिंग, राम मढ़ैया बस्ती, जयप्रकाश उद्यान, प्रभात पार्क, सालडीह बस्ती, शर्मा बस्ती, मांझी टोला और हरिओम नगर सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। इसके अलावा, चौक-चौराहों, सार्वजनिक मैदानों, पार्कों और अड्डेबाजी वाले स्थानों पर भी जांच अभियान चलाया गया।
संदिग्ध युवकों से पूछताछ की गई
अभियान के दौरान पुलिस ने जुआ और नशा करने वालों पर विशेष नजर रखी। चौक-चौराहों पर बैठे संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और सत्यापन के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
इस तरह के अभियान आगे भी चलेंगे
थाना प्रभारी ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।