Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-03

AJSU Youth Convention: जमशेदपुर में 7-8 अगस्त को आयोजित होगा "युवा आजसू अधिवेशन", हरमू कार्यालय में सुदेश महतो ने की समीक्षा बैठक; भर्ती घोटालों पर सरकार को घेरा

AJSU Youth Convention: जमशेदपुर में 7 और 8 अगस्त को होने वाले युवा आजसू अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा के लिए सोमवार को हरमू में आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने की. इस दौरान अधिवेशन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और विभिन्न समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

बैठक में सुदेश महतो ने कहा कि यह अधिवेशन संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नया नेतृत्व देने का अवसर होगा. उन्होंने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, विचारों में मजबूती लाना और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना आजसू की प्राथमिकता है. इस अवसर पर युवा आजसू के ऑनलाइन सदस्यता और पंजीकरण अभियान की शुरुआत की गई.

7 अगस्त को प्रतिनिधि सम्मेलन होगा और 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो की श्रद्धांजलि दी जाएगी.

सुदेश महतो ने बताया कि 7 अगस्त को प्रतिनिधि सम्मेलन होगा, जिसमें संगठन के विस्तार, भविष्य की रणनीति और विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा होगी. 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर सेनानी शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा होगी. इस दिन संगठन के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों की भी घोषणा की जाएगी.

बैठक में प्रचार-प्रसार, पंजीकरण, आवास, भोजन, परिवहन, अनुशासन और कार्यक्रम संचालन की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. अधिवेशन में राज्यभर के पंचायत, प्रखंड, जिला, प्रदेश और शहरी निकायों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई गई.

बैठक में पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय महतो, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह, ज्ञान सिन्हा, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक मो. जब्बार, छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रताप सिंह, बबलू महतो, हर्ष मेहता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

भर्ती घोटालों पर सरकार को घेरा
मीडिया से बातचीत में सुदेश कुमार महतो ने राज्य में सामने आए भर्ती घोटालों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इन मामलों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है और सरकार केवल सीआईडी जांच के सहारे पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है.

उन्होंने 14वीं जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जेपीएससी के वर्तमान सदस्यों को हटाकर आयोग का पुनर्गठन किया जाना चाहिए. साथ ही सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और विशेषज्ञों की स्वतंत्र समिति बनाकर पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए.

सुदेश महतो ने कहा कि सरकार यह भी स्पष्ट करे कि भविष्य में नियुक्तियों को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए क्या व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने दोहराया कि आजसू पार्टी छात्रों और युवाओं के संघर्ष के साथ खड़ी है और उसका उद्देश्य पारदर्शी परीक्षाएं, निष्पक्ष नियुक्तियां तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित करना है.



उन्होंने यह भी मांग की कि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के द्वितीय टॉपर अभय तिवारी प्रकरण सहित पूरे भर्ती तंत्र की निष्पक्ष जांच कराई जाए. साथ ही जेएसएससी अध्यक्ष की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए.

सुदेश महतो ने सरकार से यह भी सार्वजनिक करने की मांग की कि अब तक सीआईडी को कितने महत्वपूर्ण मामलों की जांच सौंपी गई, उनमें से कितनों का अंतिम निष्पादन हुआ और कितने मामले अब भी लंबित हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !