Jharkhand Congress: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि जिस सीट को भाजपा वर्षों से अपना अभेद्य किला बताती रही, वहीं की जनता ने इस बार पार्टी को करारा जवाब दिया है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है. ऐसे में इस सीट पर मिली हार यह साबित करती है कि जनता ने भाजपा के दावों को खारिज करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपना स्पष्ट जनादेश दिया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक संकट और समाज में विभाजन की राजनीति से आम लोग परेशान हैं. उनका कहना था कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन जनता ने प्रचार और सत्ता के प्रभाव से ऊपर उठकर अपना फैसला सुनाया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह हार केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि भाजपा नेतृत्व के प्रति लोगों के घटते विश्वास का भी संकेत है. उनके अनुसार, इस परिणाम के बाद भाजपा यह दावा नहीं कर सकती कि उसके शीर्ष नेतृत्व का प्रभाव हर चुनाव में कायम है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस लगातार रोजगार, शिक्षा, किसानों की आय, महंगाई और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाती रही है. उनका दावा है कि मतदाताओं ने इन्हीं सवालों को आधार बनाकर अपना फैसला दिया है.
उन्होंने भाजपा को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि बांकीपुर का जनादेश साफ संदेश देता है कि जनता अब जवाबदेही चाहती है. कांग्रेस का मानना है कि इस उपचुनाव का परिणाम भविष्य की राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत लेकर आया है.