Koderma Sex Racket: कोडरमा जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित बाबा होटल में छापेमारी कर पुलिस ने तीन ग्राहकों, एक ब्रोकर और होटल मैनेजर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मौके से तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष को 1 अगस्त 2026 की रात सूचना मिली थी कि बाबा होटल में देह व्यापार का अवैध कारोबार चल रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद एसपी के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और होटल में छापेमारी की गई.
ग्राहक, ब्रोकर और होटल मैनेजर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया. इनमें नवादा (बिहार) के रंजीत कुमार और बिरेन्द्र कुमार के साथ कोडरमा निवासी मो. एहतेशाम शामिल हैं.
पुलिस ने देह व्यापार में बिचौलिये की भूमिका निभाने के आरोप में उरवां निवासी कैलाश प्रसाद वर्मा और होटल मैनेजर रवि कुमार को भी गिरफ्तार किया. छापेमारी के दौरान तीन पीड़ित महिलाओं को होटल से मुक्त कराया गया.
होटल से आपत्तिजनक सामान और वाहन जब्त
पुलिस ने होटल से कंडोम, शराब की भरी और खाली बोतलें, सिगरेट, शक्तिवर्धक गोलियां, तीन मोबाइल फोन और होटल का आगंतुक रजिस्टर जब्त किया है. इसके अलावा दो चारपहिया वाहन और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी कब्जे में ली गई है.
मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
चंदवारा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. जिनकी संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में देह व्यापार, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.