Sahibganj Cyber Crime: झारखंड के साहिबगंज से साइबर अपराध का एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रातों-रात अमीर बनने की चाहत में रांगा थाना क्षेत्र के एक युवक को भारी वित्तीय चपत लग गई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पुराने सिक्कों व नोटों के बदले लाखों रुपये का प्रलोभन देकर शातिर ठगों ने पीड़ित को अपना शिकार बनाया और विभिन्न शुल्कों के नाम पर 43 हजार रुपये से अधिक ऐंठ लिए.
80 लाख का लालच देकर व्हाट्सएप पर किया संपर्क
ठगी का यह खेल 29 जुलाई को शुरू हुआ, जब पीड़ित की नजर फेसबुक पर “राज ज्ञानी ओल्ड कॉइन कंपनी” नाम के एक विज्ञापन पर पड़ी. इस वीडियो विज्ञापन में पुराने नोटों और सिक्कों के बदले 80 लाख रुपये तक मिलने का दावा किया जा रहा था. लालच में आकर पीड़ित ने विज्ञापन में दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज किया, जहां जालसाजों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पुराने नोट के एवज में 50 लाख रुपये दिलवाने का भरोसा दिया.
रजिस्ट्रेशन और टैक्स के नाम पर ऐंठी रकम
झांसे में लेने के बाद अपराधियों ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर सिलसिलेवार तरीके से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए. कभी रजिस्ट्रेशन शुल्क, तो कभी जीएसटी (GST) और कूरियर चार्ज का बहाना बनाकर यूपीआई (UPI) के जरिए रकम ट्रांसफर कराई गई. ठगों ने सबसे पहले 720 रुपये, फिर 5,000 रुपये, 4,999 रुपये, 14,999 रुपये और आखिर में 17,502 रुपये ऐंठ लिए. इस तरह पीड़ित के खाते से कुल 43,220 रुपये उड़ा लिए गए.
फर्जी पुलिस केस की धमकी देकर डराया
जब पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उसने आगे कोई भी रकम देने से साफ इनकार कर दिया, तो अपराधियों ने अपना पैंतरा बदल लिया. जालसाजों ने पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें भेजकर पीड़ित को डराना शुरू कर दिया. उन्होंने झूठा दावा किया कि 50 लाख रुपये कैश लेकर आ रही गाड़ी चोरी हो गई है और इसका पूरा इल्जाम पीड़ित पर लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस धमकी से भयभीत होकर पीड़ित ने तुरंत रांगा थाना का रुख किया और दोनों मोबाइल नंबरों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शुरू की जांच, हेल्पलाइन नंबर जारी
लिखित आवेदन मिलने के बाद रांगा थाना पुलिस हरकत में आ गई है और दिए गए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल व लोकेशन खंगाल रही है. घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है. पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने नोट और सिक्के खरीदने-बेचने के लुभावने विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. किसी भी अनजान खाते में पैसे भेजने से बचें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.