Current News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशे और ड्रग्स के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लाखों युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का नशा मुक्त, स्वस्थ और आत्मविश्वास से भरपूर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को इस अभियान का नेतृत्व करने वाला बताते हुए कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।
नशा परिवार और राष्ट्र दोनों को करता है कमजोर, 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन जुड़े
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के सपनों को भी तोड़ देता है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से एक मां के सपने चकनाचूर हो जाते हैं और राष्ट्र की शक्ति भी कमजोर होती है। इसलिए हर नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि देश के युवाओं को नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाया जाए।
उन्होंने बताया कि यह अभियान पिछले वर्ष काशी से एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था। अब यह एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन शामिल होकर करोड़ों देशवासियों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि परिवार, समाज और पूरे देश के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा हुआ है।