CID Investigation: झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच तेज हो गई है. इस मामले में, सीआईडी ने पीटी परीक्षा में सफल 2204 अभ्यर्थियों से अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा है. इसके लिए सीआईडी ने व्हाट्सएप नंबर और ई-मेल आईडी भी जारी की है.
5 अगस्त तक देना होगा जवाब
सीआईडी अधिकारियों ने बताया कि कई अभ्यर्थी अपने दस्तावेज भेज रहे हैं. जिन अभ्यर्थियों ने अब तक साक्ष्य जमा नहीं किए हैं, उन्हें 5 अगस्त तक का समय दिया गया है. तय समय तक दस्तावेज नहीं देने वालों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से फिर पूछताछ
जांच के दौरान मिले नए तथ्यों के आधार पर झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है. सीआईडी ने उन्हें 3 अगस्त को पेश होने का नोटिस भेजा है. अधिकारियों के अनुसार, अब तक मिले दस्तावेजों और गिरफ्तार आरोपियों के बयानों के आधार पर उनसे कई अहम सवाल पूछे जाएंगे.
दूसरी बार रिमांड पर लिए जाएंगे आरोपी
सीआईडी जांच को आगे बढ़ाने के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक राजबीर सिंह और टीडीपीएल के मैनेजर सह डीएसओ मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी को फिर से रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. जांच एजेंसी इनसे मिले नए साक्ष्यों के आधार पर दोबारा पूछताछ करेगी.
वरिष्ठ अधिकारियों पर भी लगे आरोप
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने झारखंड लोक सेवा आयोग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. सीआईडी इन आरोपों की जांच कर रही है. यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा.