Jamshedpur News: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता और भुइयांडीह लकड़ी टाल निवासी मनीष शर्मा के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है. जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इस घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पीड़ित से मिलकर जाना हाल
विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि रांची में संगठनात्मक कार्यक्रम से लौटने के बाद वह मनीष शर्मा के घर पहुंचीं और उनका हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
डीएसपी से की कार्रवाई की मांग
विधायक ने बताया कि उन्होंने पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार से फोन पर बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपित होमगार्ड जवानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
पूर्णिमा साहू ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजकर पूरे मामले की जानकारी लेने और पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया था.
एफआईआर दर्ज, न्याय की मांग
विधायक ने कहा कि इस मामले में एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है. उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.