Sonari Suicide Case: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक युवक जय यादव उर्फ तुषार की आत्महत्या के मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं. मृतक की मां ने एक युवती पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जबकि युवती ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है और खुद को बेगुनाह बताया है.
मृतक जय यादव की मां मोनी कुमारी ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत देकर बताया कि 26 जून की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. परिजन उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मोनी कुमारी ने शिकायत में कहा है कि उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था. उन्होंने आरोप लगाया कि कदमा निवासी एक युवती के दबाव के कारण उनके बेटे ने यह कदम उठाया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दूसरी ओर, युवती ने मृतक की मां के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि करीब दो साल पहले ही जय यादव से उनकी बातचीत बंद हो गई थी. युवती का दावा है कि बातचीत बंद होने के बावजूद जय यादव लगातार उन्हें फोन कर दोबारा रिश्ते में आने का दबाव बनाता था. उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान जय यादव की दूसरी गर्लफ्रेंड भी थी, लेकिन इसके बावजूद वह उनसे संपर्क करने की कोशिश करता रहा.
युवती ने यह भी दावा किया कि जय यादव अपनी मां की दूसरी शादी को लेकर मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था. उनके अनुसार, यह बात जय यादव ने कई बार उनसे साझा की थी.
उसने ने आरोप लगाया कि आत्महत्या के बाद मृतक के परिजन उन पर दबाव बना रहे हैं. उनका कहना है कि उन्हें फोन कर अपशब्द कहे जा रहे हैं और यह तक कहा जा रहा है कि “वो मर गया तो तुम भी मर जाओ.” उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने कॉल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं. जांच के बाद पुलिस ने उन्हें जाने दिया.
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है. मामले में अभी किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.