Ranchi News : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने JTET 2026 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जिन उम्मीदवारों का पहले पंजीकृत मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी अब सक्रिय नहीं है, उन्हें 1 अगस्त से 8 अगस्त 2026 के बीच Candidate Validation Process पूरा करना अनिवार्य होगा।
परिषद के अनुसार, इस प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को नया मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी OTP सत्यापन के माध्यम से प्रमाणित करनी होगी। इसके बाद उन्हें अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। यह विवरण JTET-2024 के रिकॉर्ड से पूरी तरह मेल खाना चाहिए।
20 से 31 अगस्त तक होंगे ऑनलाइन आवेदन, गलत जानकारी पर आवेदन हो सकता है अस्वीकार
JAC ने स्पष्ट किया है कि Candidate Validation पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही 20 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक JTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि सत्यापन के दौरान दी गई जानकारी रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती है, तो आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परिषद ने यह भी जानकारी दी है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, पता और विषय जैसी जानकारियों में बिना किसी शुल्क के सुधार करने का अवसर भी मिलेगा। उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।