Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-30

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, गोपाल मैदान में होगा मुख्य समारोह, सांस्कृतिक संध्या से लेकर मैत्री फुटबॉल मैच तक की पूरी योजना तैयार

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और अनुशासित तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं. गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इसमें जिले के तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय पर्व को पूर्ण गरिमा के साथ आयोजित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए.

गोपाल मैदान में होगा मुख्य समारोह
बैठक में तय शेड्यूल के अनुसार, 15 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा. समारोह के सुचारू संचालन और सभी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान की अगुवाई में एक विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है.

14 अगस्त को सांस्कृतिक संध्या, 15 को मैत्री फुटबॉल मैच
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त को सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थी देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे. वहीं 15 अगस्त को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच एक दोस्ताना फुटबॉल मैच खेला जाएगा.


स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान और शहीदों को नमन
उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि 14 अगस्त को अधिकारी खुद स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों के घर जाकर उन्हें शॉल और मिष्ठान्न सौंपकर सम्मानित करें. इसके साथ ही जिलेभर में स्थित स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई कराकर माल्यार्पण सुनिश्चित करने को कहा गया है. 15 अगस्त की सुबह स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी.


10 अगस्त से परेड का अभ्यास, 13 को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल
परेड की तैयारियों को लेकर बताया गया कि 10 अगस्त से रिहर्सल शुरू हो जाएगी. पहला पूर्वाभ्यास पुलिस लाइन में होगा, जिसके बाद के सभी अभ्यास गोपाल मैदान में आयोजित किए जाएंगे. 13 अगस्त को फाइनल यानी फुल ड्रेस रिहर्सल होगी. इस बार परेड में सीआरपीएफ, आरएएफ, डीएपी, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी.

सुरक्षा, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान, ड्राई डे घोषित
मुख्य कार्यक्रम स्थल की प्रशासनिक व्यवस्थाएं नगर आयुक्त और जेएनएसी संभालेंगे, जबकि मैदान की साफ सफाई व रखरखाव का जिम्मा जुस्को को दिया गया है. इसके अलावा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश जारी किए गए हैं. शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 15 अगस्त को पूरे जिले में शराब की बिक्री पर रोक यानी ड्राई डे घोषित किया गया है.


बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में डीडीसी नागेन्द्र पासवान, धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, जेएनएसी नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी समेत कई विभागों के अफसर और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !